शहडोल के सोहागपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। धान से लदा एक ट्रक चालक के बिना ही लगभग 200 मीटर तक सड़क पर दौड़ता रहा और अंततः बिजली के पोल से टकराकर गड्ढे में पलट गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक आनंद यादव (ट्रक क्रमांक MP 53 HA 1358) लगभग 24 टन धान लेकर चुहरी से गोरतरा गोदाम जा रहा था। दोपहर में, उसने NH-43 पर कोटमा तिराहे के पास ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और चाय पीने एक जलपान गृह चला गया। इसी दौरान, खड़ा ट्रक अचानक बिना चालक के ही आगे बढ़ने लगा। ट्रक लगभग 200 मीटर तक अनियंत्रित होकर सड़क पर दौड़ता रहा। इसके बाद वह सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराया और एक गड्ढे में पलट गया। इस घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए। चालक आनंद यादव भी ट्रक को चलता देख उसके पीछे दौड़ा, लेकिन तब तक ट्रक पलट चुका था। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 में तैनात सहायक उप निरीक्षक शिवराज सिंह और पायलट प्रदीप तिवारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर, तत्काल बिजली विभाग से संपर्क कर बिजली लाइन बंद करवाई गई, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया। गोरतरा गोदाम के अधिकारी भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। चालक ने बताया कि उसने ट्रक खड़ा करते समय वाहन को गियर में नहीं डाला था, जिसके कारण ट्रक अपने आप आगे बढ़ गया और यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


