बुढार वन परिक्षेत्र के अमलाई पेपर मिल में मंगलवार को जंगली बिल्ली को देखकर कर्मचारियों में दहशत फैल गई। मिल के कर्मचारी अभिमन्यु साहू ने जानवर का वीडियो बनाकर अपने सहकर्मियों और अधिकारियों के वॉट्सऐप ग्रुप में शेयर किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने सबसे पहले वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की पहचान की। जांच में पता चला कि अभिमन्यु साहू ने अपने साथी कर्मचारियों को सतर्क करने के मकसद से वीडियो बनाया था। उन्होंने बताया कि वह प्लांट के अंदर इस बड़े जानवर को देखकर घबरा गए थे। बुढ़ार रेंजर सलीम खान ने कहा- वीडियो में जो जानवर दिख रहा है, बाघ नहीं बल्कि एक बड़े आकार की जंगली बिल्ली है। उन्होंने कहा- वन विभाग ने कर्मचारी को केवल समझाइश दी है, किसी प्रकार की धमकी नहीं दी गई है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा- कर्मचारी ने अपने साथियों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया था। वन विभाग ने लोगों से अपील की है, कि वे किसी भी जंगली जानवर को देखने पर घबराएं नहीं और तत्काल वन विभाग को सूचित करें। इसके साथ ही बिना पुष्टि के ऐसे वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर न करें, क्योंकि इससे अफवाहें फैल सकती हैं।


