शहडोल में दुर्गा विसर्जन के दौरान 4 लोग बहे:दो को बचाया, दो लापता; सोन नदी में अचानक आई बाढ़

शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा हो गया। गुरुवार शाम सोन नदी के अकुरी घाट पर अचानक बाढ़ आने से चार लोग तेज बहाव में बह गए। स्थानीय लोगों ने दो व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो अन्य लापता हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। नदी में अचानक आई बाढ़ यह घटना गुरुवार शाम लगभग 4:00 बजे की है, जब अकुरी गांव के लोग मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित करने सोन नदी के घाट पर पहुंचे थे। जिले में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर पहले से ही बढ़ा हुआ था, और विसर्जन के दौरान अचानक बाढ़ आ गई। लापता लोगों की तलाश के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की पांच सदस्यीय टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई है। टीम के प्रभारी उप निरीक्षक कोमल सिंह ने बताया कि उन्हें थाने से जानकारी मिली है और वे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। जानकारी के अनुसार, अकुरी सोन नदी में तीन घाट बनाए गए थे, जिनकी सूचना पुलिस को थी। हालांकि, इन तीनों घाटों पर केवल एक ही पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाई गई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *