शहडोल में लापता नवविवाहिता का शव जंगल में मिला:10 दिन बाद पेड़ से लटका मिला, चरवाहे ने दी परिवार को सूचना

शहडोल जिले के खैरहा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला है। 23 वर्षीय सुमनलता बैगा बीते 23 जनवरी से लापता थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव करीब दस दिन पुराना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, ग्राम हरदी निवासी सुमनलता बैगा (23 वर्ष) अपने पति सुरेश कुमार बैगा के साथ रहती थीं। वह 23 जनवरी को अचानक घर से लापता हो गई थीं। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की। कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने खैरहा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस भी परिजनों के साथ महिला की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में सोमवार को ग्राम हरदी से लगभग दो किलोमीटर दूर पिपरहा जंगल में मवेशी चरा रहे एक चरवाहे ने पेड़ से लटका एक शव देखा। शव की हालत काफी खराब थी, जिससे उसके कई दिन पुराने होने का अनुमान लगाया गया। चरवाहे ने महिला के कपड़ों से उसकी पहचान की और तत्काल गांव व परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सुमनलता बैगा के रूप में की। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही खैरहा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी उमा शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे में लटका मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल महिला की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *