शहडोल जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने आदेश जारी कर सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया है। कक्षा आठवीं तक लागू होगा आदेश जारी आदेश के अनुसार बुधवार से जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों के साथ आंगनवाड़ी केंद्र अब सुबह 11 बजे से संचालित होंगे। यह व्यवस्था कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए लागू रहेगी। यह आदेश 31 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। बच्चों की सेहत को देखते हुए फैसला कलेक्टर ने बताया कि यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। बीते कुछ दिनों से जिले में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सुबह के समय ठंड का असर ज्यादा हो गया है। परीक्षाओं के समय में कोई बदलाव नहीं आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्री-बोर्ड परीक्षाओं के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षाएं पहले से तय समय-सारणी के अनुसार ही होंगी। सभी शिक्षक और शिक्षिकाएं अपने निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। सख्ती से पालन करने के निर्देश प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बच्चों को ठंड से बचाने के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।


