शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है। नारायण सिंह सर्किल को नाे-पार्किंग और नाे-बस स्टाॅप जाेन घोषित करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे यहां निजी बसाें से दिन में कई बार लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। यहां से दिल्ली और आगरा जाने वाली निजी बसें ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के पास रुकेंगी। यहीं से यात्रियों काे लिया और छोड़ा जाएगा। इसके लिए दो जमीन भी चिह्नित कर ली गई है। जमीन काे नोटिफाइड करने के लिए आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत ने सार्वजनिक निर्माण विभाग की टेक्निकल टीम को फिजिबिलिटी सर्वे करने के लिए पत्र लिखा है। सर्वे रिपोर्ट सकारात्मक आई तो यहां दिल्ली और आगरा से आने-जाने वाली बसाें के लिए बस स्टाॅप और बस स्टैंड का नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। रोडवेज बसें ट्रांसपोर्ट नगर स्थित राेटरी सर्किल के पास बने रोडवेज बस स्टैंड से संचालित हाेंगी। आरटीओ प्रथम, एडीएम-3 कुंतल बेनीवाल, ईडी/रोडवेज चांदमल वर्मा, डीसी/जेडीए अपूर्वा परवाल, एसीपी/ट्रैफिक पुलिस जितेंद्र सिंह शेखावत और जेडीए जोन-10 के तहसीलदार गिरधारी पारीक ने गुरुवार काे ट्रांसपोर्ट नगर के आसपास बस स्टैंड और बस स्टाॅप के लिए जमीन चिह्नित करने के लिए निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया उतरने के बाद बायीं दिशा में स्थित पार्क के समीप वाली जमीन काे चिह्नित किया। यह नेशनल हाईवे से महज 10 फीट दूर है। रोज गुजरती हैं 2000 बसें, 20-25 मिनट का स्टॉपेज
नारायण सर्किल प्राइवेट बसों का अड्डा बना हुआ है। हर मिनट में एक बस गुजरती है। ऐसे में यहां से 24 घंटे में करीब 2 हजार से अधिक बसें निकलती हैं। रात के समय 30 सेकंड में एक बस गुजरती है। इसके चलते हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। यहां निजी बस ऑपरेटर्स ने बुकिंग काउंटर भी लगा रखे हैं। ऐसे में बसें 20-25 मिनट तक खड़ी रहती हैं। सीएम की फटकार पर हरकत में आए अफसर…
करीब 25 दिन पहले सर्किल से गुजरते समय सीएम भजनलाल शर्मा ने यहां ट्रैफिक जाम देख नाराजगी जताई थी। बस स्टॉप और स्टैंड के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश भी दिए थे। इस पर आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से कुछ दिन लोगाें को ट्रैफिक जाम से निजात मिली थी, लेकिन अब फिर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है।


