शहरों की तर्ज पर गांव की रैंकिंग शुरू, 1000 अंकों पर होगा मूल्यांकन

राजा राय| चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम जिले के अंतर्गत 18 प्रखंडों, 217 पंचायत व 1688 गांवों का केंद्रीय टीम स्वच्छता का सर्वेक्षण करेगी। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 की शुरुआत की गई है। इसमें गांवों की साफ-सफाई व स्वच्छता की परख की जाएगी। इसी आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर गांवों की स्वच्छता रैंकिंग जारी की जाएगी। टीम जिले के कई मॉडल स्वघोषित गांवों का सत्यापन करेगी। इसके लिए 1000 अंक निर्धारित हैं। एसएसजी के तहत चार कंपोनेंट्स के आधार पर रैंकिंग प्रदान की जाएगी। गांव की स्वच्छता स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन के लिए सबसे अधिक 540 अंक, नागरिक फीडबैक के लिए 100 अंक, सेवा स्तर प्रगति के लिए 240 अंक एवं स्वच्छता अवसंरचना की कार्यक्षमता का प्रत्यक्ष निरीक्षण के लिए 120 अंक निर्धारित हैं। इसका मूल्यांकन जिला स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट व ओडीएफ प्लस मॉडल सत्यापित गांव के आंकड़ों के आधार पर होगा। इस सर्वेक्षण के माध्यम से ग्रामीण स्वच्छता की जमीनी स्थिति का गहन मूल्यांकन करेगा। गांव, घर व सार्वजनिक स्थानों का सर्वेक्षण कर विभिन्न स्वच्छता मापदंड के आधार पर उनकी स्थिति का आकलन होगा। जिसका उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर स्वच्छता के स्तर को बढ़ाना है। एसएसजी के माध्यम से प्रत्येक जिले एवं राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता रैंक का प्रावधान है। राष्ट्रीय स्तर पर एसएसजी हेतु स्वतंत्र एजेंसी एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। सर्वेक्षण का कार्य 31 अगस्त, 2025 तक राज्य के सभी जिलों में होगा। जिसमें राज्य के औसतन एक जिले में 20 से 30 गांवों का सर्वेक्षण किया जाएगा। गांव का चयन राष्ट्रीय स्तर से किया जाएगा। जिसकी पूर्व सूचना किसी को प्राप्त नहीं होगी। स्वच्छता सर्वे दल के द्वारा डायरेक्ट गांव जाकर स्वच्छता सर्वे किया जाएगा। शहर की तर्ज पर एसएसजी 2025 के तहत अव्वल रैंकिंग लाने वाले गांव व पंचायत को प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। जिले के 18 प्रखंडोंं से बुधवार 23 जुलाई तक कुल 5880 लोगों के द्वारा सिटिजन फीडबैक दिया गया है। जिसमें सबसे अधिक चक्रधरपुर प्रखंड से कुल 1236 लोगों ने अपनी राय दी है। जबकि सबसे कम गुदड़ी प्रखंड से 76 लोगों ने सिटिजन फीडबैक देने का काम किया है। राज्य स्तर पर सिटिजन फीडबैक के मामले में पश्चिमी सिंहभूम 23वें पायदान पर है। सबसे अधिक गिरिडीह जिला से 43559 व सबसे कम देवघर जिले से 5870 सिटिजन फीडबैक प्राप्त हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *