भास्कर न्यूज | अमृतसर जिले में बच्चों से भीख मंगवाने और उनके शोषण को रोकने के उद्देश्य से जिला बाल सुरक्षा इकाई अमृतसर की ओर से प्रोजेक्ट जीवनजोत 2.0 के तहत अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला प्रशासन द्वारा जिला प्रोग्राम अधिकारी की अध्यक्षता में हुआ। अभियान के तहत अमृतसर शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर छापेमारी और जांच की गई। जांच के दौरान किसी भी स्थान पर कोई बच्चा भीख मांगते हुए नहीं पाया गया। जिला प्रोग्राम अधिकारी गुरमीत सिंह की अध्यक्षता में जिला बाल सुरक्षा अधिकारी तरनजीत सिंह ने बताया कि प्रोजेक्ट जीवनजोत 2.0 के अंतर्गत ऐसी चेकिंग और जागरूकता मुहिम आगे भी निरंतर जारी रहेगी। जिला बाल सुरक्षा अधिकारी ने आम जनता से अपील की कि यदि किसी भी स्थान पर बच्चों को भीख मांगते हुए देखा जाए, तो इसकी तुरंत सूचना जिला बाल सुरक्षा इकाई को 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) पर कॉल कर दें।


