भास्कर न्यूज | अमृतसर 2 साल बाद शहर में हुए निगम चुनाव में लोगों ने अपनी वार्डों से पार्षद चुन लिए हैं। 2 साल से इलाकों में पार्षद न होने से इलाकों की दशा खराब है। इस बार लोगों को शहर की वार्डों में चुने गए पार्षदों से विकास की उम्मीद है। लेकिन शहर में अभी तक निगम हाउस न बनने से वार्डों में भी विकास रुके हुए हैं। लोगों को जल्द निगम हाउस बनने की उम्मीद है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी द्वारा अपना-अपना मेयर बनाने की दावेदारी की जा रही है। इसके लिए दोनों पार्टियां बहुमत जुटाने में जुटी हुई हैं। इस दुविधा के बीच शहर के विकास कार्य रुके हुए हैं। .वार्ड 18 से पार्षद चुने गए नवदीप सिंह हुंदल ने कहा कि वह पिछली बार भी वार्ड से पार्षद थे। उन्होंने इलाके में लोगों की समस्या को पहल के आधार पर हल करवाया था। इस बार भी लोगों ने उन्हें चुना है, इस बार फिर वह वेरका में विकास की आंधी लेकर आएंगे। स्ट्रीट लाइटों का प्रबंध भी करवाया जाएगा। .वार्ड 23 से पार्षद चुनी गई कुलविंदर कौर ने कहा कि उनके इलाके में काफी लोगों के नीले कार्ड काट दिए गए थे। जरूरतमंद लोग गेहूं लेने से वंचित रह गए थे। वह इस बार अपनी वार्ड में लोगों के नीले कार्ड और पेंशन के कार्ड बनाने के लिए पहल करेंगी। इसके अलावा बिजली, पानी और सीवरेज की समस्या का पहल के आधार पर समाधान करवाया जाएगा। .वार्ड 25 से पार्षद मोनिका शर्मा ने कहा कि उनकी वार्ड में बिखरे तारों के जाल को ठीक करवाया जाएगा। उनकी वार्ड बटाला रोड के पवन बाजार के मेन रोड से निकलती है। इस रोड पर तारों के जाल से लोग परेशान हैं। जिसका हल पहल के आधार पर करवाया जाएगा। .वार्ड 41 से पार्षद चुनी गई सुखविंदर कौर ने कहा कि पिछली बार वार्ड से उनके मोहन सिंह माड़ीमेघा पार्षद थे। लोगों ने उन पर फिर विश्वास जताया है। वह वार्ड को सफाई व्यवस्था में शहर की सुंदर वार्ड बनाएंगे तथा बिजली, पानी और सीवरेज की समस्या का पहल के आधार पर समाधान करवाया जाएगा। इसके लिए लोगों के सहयोग से वार्ड में बेहतर प्रयास किए जाएंगे।


