शहर में कहानियों का संसार ‘उदयपुर टेल्स स्टोरी टेलिंग महोत्सव 9 जनवरी से शुरू होगा। इस सातवें महोत्सव का आयोजन 11 जनवरी तक होगा। यह आयोजन शिल्पग्राम रोड स्थित पार्क एक्जोटिका रिसोर्ट में होगा। मां माय एंकर फाउंडेशन की ओर से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय उदयपुर टेल्स महोत्सव की जानकारी देते हुए संस्थापक सुष्मिता सिंघा ने बताया- कहानियां सुनने के लिए पहले दादा-दादी, नानी होती थी। वहीं आज कहानियां सुनाने वालों की लंबी फेहरिस्त हो गई है। जहां स्टोरी टेलर्स ने जीवन बदला और अब वे उसी से प्रेरित होकर दूसरों का जीवन बदलने का प्रयास कर रहे हैं। इस महोत्सव में ‘लापता लेडीज’ फिल्म के लेखक दिव्य निधि शर्मा भी आएंगे। हास्य कहानी से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
9 जनवरी को उदयपुर टेल्स महोत्सव की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी। इसमें बच्चों के लिए उदयपुर के स्टोरी टेलर विलास जानवे-किरण जानवे ‘छोरा मेवाड़ी सबसे अगाड़ी’ हास्य कहानी लेकर आएंगे। इसके बाद गौरी नीलकांतन काल्पनिक कहानी ‘जादुई बीमारी’ और राजेश शिंदे संगीतमय लोक कथा ‘संकोची असुर’ और ‘उल्लाल की शेरनी’ लेकर आएंगे। वहीं शाम साढ़े पांच बजे से मयूर कलबाग की रहस्यमय कहानी ‘अघोरी’, अफ्रीकी लोकगीत ‘आकाश के नीचे’, ‘हीरामंडी’, ‘अनुपमा’, ‘लापता लेडीज’ जैसे शो और फिल्मों के संवाद लेखक दिव्यनिधि शर्मा आएंगे। वहीं राजित कपूर ‘कचरे की हिफाजत’ और ‘मजनूं’ नामक व्यंग्यात्मक नाटक, संजुक्ता सिन्हा डांस कंपनी शास्त्रीय फ्यूजन नृत्य बदलती रेत की प्रस्तुति देगी। बच्चों के लिए विशेष कहानियां
उदयपुर टेल्स महोत्सव के को-फाउंडर, सलील भंडारी ने बताया- महोत्सव के दूसरे दिन 10 जनवरी को बच्चों के लिए शोना मल्होत्रा की हास्य कहानी कहानियों का पिटारा से होगी। मैया गनात्रा लोक-साहित्य, कहानीकार राजेश शिंदे गोपी गाइन, उपेन्द्र बाघा बाइन, किशोर रे चौधरी बंगाली लोक कहानियां प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया- स्कूल की कहानी सुनाने की प्रतियोगिता के तहत कहानीकारों का सम्मान किया जाएगा। सुष्मिता सिंघा ने बताया- थिएटर निर्देशक और कहानीकार दानिश हुसैन, किस्सेबाजी के तहत तिलिस्म-ए-होशरुबा कहानी, कर्नल आरके शर्मा वीरता के तहत कहानी वीर, बॉलीवुड कलाकार आरिफ जकारिया रोमांटिक प्रेम कहानी रिक्शा की प्रस्तुति देंगे। भारतीय अभिनेता व गायक (बैंड) मेयांग चांग स्वतंत्र संगीत प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव के अंतिम दिन गीतिका लिडर आत्मकथा के रूप में एक सैनिक की पत्नी का जीवन नामक कहानी, ज्योति पांडे शास्त्रीय महाकाव्य के रूप में उर्मिला कहानी, मिक्का चेसरोन इजरायली पौराणिक कथा योना और व्हेल प्रस्तुत करेंगे। दोपहर को जेल यूनिवर्सिटी बैंड की प्रस्तुति होगी। शाम को साढ़े पांच बजे से पृथ्वीराज चौधरी जीवन का हिस्सा के तहत कहानी जीवन का हिस्सा, दिव्या दत्ता आत्मकथा के रूप में कहानी आत्मकथा, विजय कुमार हास्य व्यंग्य बिहार में चुनाव की प्रस्तुति देंगे। भारतीय संगीतकार और बाघ संरक्षणवादी अभिषेक रे, बाघ के अवैध शिकार पर एक कहानी प्रस्तुत करेंगे। रात्रि को आंचल श्रीवास्तव सूफी कव्वाली की प्रस्तुति देंगे।


