भास्कर न्यूज |लुधियाना जिले में औद्योगिक सुरक्षा को मजबूत बनाने और भविष्य में किसी भी तरह की औद्योगिक दुर्घटना को रोकने के उद्देश्य से डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन की अध्यक्षता में एक अहम औद्योगिक सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रमुख औद्योगिक प्रतिनिधि शामिल हुए। डीसी ने स्पष्ट किया कि लुधियाना एक बड़ा औद्योगिक केंद्र है और यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक सुरक्षा सभी की साझा जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रशासन व उद्योगों को मिलकर काम करना होगा। बैठक में सबसे पहले जिला औद्योगिक सुरक्षा समिति के गठन का फैसला लिया गया। यह समिति उद्योगों की सुरक्षा के लिए मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करेगी। इन मानक संचालन प्रक्रिया में आसपास के अस्पतालों की जानकारी, फायर ब्रिगेड की उपलब्धता, उद्योगों से निकलने वाली खतरनाक गैसों की पहचान और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति शामिल होगी। इसके साथ ही जिले में खतरे वाले औद्योगिक क्षेत्रों की पहचान के लिए जिला स्तर पर हैजर्ड मैप तैयार करने का निर्णय लिया गया। आपदा प्रबंधन को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के साथ भी तालमेल स्थापित किया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि जिले में चलने वाली सभी पोकलेन और जेसीबी मशीनों में जीपीएसलगाना अनिवार्य होगा। इससे खुदाई कार्यों की निगरानी आसान होगी और दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी। यह जीपीएस सिस्टम थिंक गैस कंपनी द्वारा मुफ्त में लगाए जाएंगे। इसके लिए संपर्क व्यक्ति गौरव सभरवाल को नियुक्त किया गया है। भूमिगत गैस पाइपलाइनों को नुकसान से बचाने के लिए प्रशासन ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की खुदाई से पहले संबंधित विभागों को जीएआईएल और थिंक गैस से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। इसके अलावा सभी उद्योगों को अगले एक महीने के भीतर अपने परिसर में जागरूकता कार्यक्रम और मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन अभ्यासों की जानकारी संबंधित क्षेत्र के उप निदेशक कारखाना (डीडीएफ) को देनी होगी। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जीएआईएल ने एक विशेष औद्योगिक सुरक्षा वाहन तैनात किया है, जो गैस या औद्योगिक हादसे की स्थिति में तुरंत मदद करेगा। आपात स्थिति में लोग टोल फ्री नंबर 15101 पर संपर्क कर सकते हैं। बैठक में मुख्य गवर्नेंस अधिकारी अम्बर बंदोपाध्याय और गवर्नेंस एसोसिएट अंजलि भी मौजूद रहीं। डिप्टी कमिश्नर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि लिए गए फैसलों पर सख्ती से अमल किया जाए और नियमित समीक्षा की जाए, ताकि लुधियाना में औद्योगिक सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके। डीसी हिमांशु जैन की अध्यक्षता में औद्योगिक सुरक्षा समीक्षा की बैठक ।


