सिटी एंकर शहर के मंदिरों में पूजा करने व मार्केट में सामान खरीदने आने वाली महिलाओं को पुलिस सुरक्षा नहीं दे पा रही है। अपराधी कहीं भी और कभी भी चेन छिनतई कर आराम से फरार हो जा रहे हैं। पीड़ित महिलाएं प्राथमिकी भी दर्ज करा रही हैं, बावजूद इसके पुलिस की पकड़ से अपराधी दूर हैं। पिछले 10 दिनों में ही 3 जगहों पर चेन छिनतई व चोरी की घटनाएं हुई हैं। शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद भी पुलिस किसी अपराधी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़ा होने लगा है। पुलिस लगातार इनकी सुरक्षा में तैनात रहने का दावा तो करती है, इसके बाद भी पूजा-पाठ के लिए मंदिर आने-जाने वाली महिलाओं को चेन स्नैचर टारगेट कर रहे हैं। पीड़िता जबतक कुछ समझ पाती है, बाइक सवार स्नैचर चेन झपट कर वहां से फरार हो जाता है। शोर मचाने के बाद भी कोई मदद के लिए तुरंत आगे नहीं आता। ऐसे में अपराधियों का भी मनोबल बढ़ता जा रहा है। हाल के दिनों में हुई चेन छिनतई व चोरी की घटनाएं … 5 अगस्त : सदर थाना क्षेत्र के चूना भट्ठा स्थित कुटी गली निवासी मंजुला मिश्रा से बाइक सवार अपराधियों ने दिन के लगभग 11:30 बजे चेन छीन ली और फरार हो गए। पीड़िता कोकर स्थित शिव मंदिर से पूजा कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रेकी करने के बाद अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। पीड़िता के बेटे ऋषभ आनंद ने प्राथमिकी भी दर्ज कराई है। अबतक अपराधियों की कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। 4 अगस्त : गोंदा थाना क्षेत्र स्थित विद्यापति नगर निवासी मानमती साहु सुबह लगभग 10 बजे पूजा करने के लिए मंदिर पहुंची थीं। वहां किसी ने उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली। पीड़िता की बहू प्रीति शेखर ने पूरी घटना की जानकारी देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। हालांकि अबतक चेन चोरी करने वाले का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। 30 जुलाई : कांके थाना क्षेत्र के अरसंडे स्थित एसबीआई एटीएम गली के पास दुकान से सुबह लगभग 10 बजे सामान लेकर घर लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार अपराधी चेन झपट कर फरार हो गया। पीड़िता के बेटे संतोष कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। हालांकि अपराधियों का अबतक सुराग नहीं मिल पाया है। 21 जुलाई : पंडरा आेपी क्षेत्र के बनहोरा स्थित रंकाटोली निवासी निधि कुमारी रात लगभग 9 बजे अपनी मां के साथ घर जा रही थी। इसी दौरान पैदल दौड़ते हुए एक अपराधी पहुंचा आैर चेन झपटने के बाद धक्का देकर भाग गया। कुछ दूर आगे जाकर आरोपी अपने साथी की बाइक में बैठकर फरार हो गया। पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई, लेकिन अबतक अपराधियों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शहर में सुरक्षा बढ़ाई गई है, पुलिस अलर्ट पिछले एक माह में महिलाओं से चेन छिनतई व चोरी की आधा दर्जन घटनाएं…


