भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में यातायात को सुचारू बनाने और बॉटलनेक खत्म करने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल के नेतृत्व में यातायात पुलिस, ट्रैफिक एक्सपर्ट और अन्य विभागों की टीम ने शहर का दौरा कर 18 बॉटलनेक स्थलों का निरीक्षण किया। विशेषज्ञों ने बताया कि 60% समस्याएं जमीन अधिग्रहण और अतिक्रमण हटाने से हल की जा सकती हैं। आने वाले समय में बॉटलनेक और जंक्शन सुधार के लिए नए डिजाइन प्रस्तुत किए जाएंगे। कमिश्नर ने बैठक कर संबंधित विभागों को योजनाबद्ध तरीके से सुधार कार्य करने के निर्देश दिए। शहर के विभिन्न हिस्सों में यातायात बाधित करने वाले बॉटलनेक की पहचान के लिए यातायात सलाहकार नवदीप असीजा, पंजाब सड़क सुरक्षा परिषद के सदस्य राहुल वर्मा, बीएंडआर विभाग, बिल्डिंग ब्रांच और तहबाजारी विभाग की टीम ने ढाई घंटे तक निरीक्षण किया। ट्रैफिक एक्सपर्ट राहुल वर्मा ने बताया कि अतिक्रमण और संकरी सड़कों के कारण कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने जंक्शन सुधार और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर कई सुझाव दिए। निरीक्षण के बाद नगर निगम जोन-डी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कमिश्नर डेचलवाल ने सभी संबंधित विभागों को एकजुट होकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीएंडआर विभाग, बिल्डिंग ब्रांच, तहबाजारी विभाग सहित अन्य शाखाओं को मिलकर समस्या का स्थायी समाधान निकालना होगा। यातायात विशेषज्ञों की सिफारिशों के आधार पर आने वाले दिनों में जंक्शन सुधार और ट्रैफिक प्लानिंग के नए डिजाइन तैयार किए जाएंगे। बैठक में एडिशनल कमिश्नर परमदीप सिंह, संयुक्त आयुक्त अभिषेक शर्मा, एसीपी ट्रैफिक जतिन बंसल, सहायक आयुक्त गुरपाल सिंह, अधीक्षक अभियंता रणजीत सिंह, शाम लाल गुप्ता, संजय कंवर, परवीन सिंगला, एमटीपी विजय कुमार, एटीपी और तहबाजारी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। टीम ने जगराओं पुल, कपूर अस्पताल और दुर्गा माता मंदिर के पास जंक्शन, माता रानी चौक, पुरानी सब्जी मंडी, प्रताप चौक, हंब्रान रोड, आर्य कॉलेज के पास, लक्कड़ पुल, दीप अस्पताल रोड आदि का निरीक्षण किया। कुछ सिफारिशों में पीएसपीसीएल सब-स्टेशन के बाहर की सरकारी जमीन को शामिल करके कपूर अस्पताल के पास सड़क की चौड़ाई बढ़ाना, जगराओं पुल जंक्शन को फिर से डिजाइन करना, जगराओं पुल रोड को चौड़ा करना जो कि विश्वकर्मा चौक तक जाता है, दुर्गा माता मंदिर जंक्शन और दीप अस्पताल के पास जंक्शन की चौड़ाई बढ़ाना, स्लिप का निर्माण,पुरानी जीटी रोड पर गुलजार मोटर्स के पास सड़क, पुरानी जीटी रोड से अतिक्रमण हटाना, पुरानी सब्जी मंडी के पास स्लिप का निर्माण आदि शामिल है।


