बीजापुर में शहीद आरक्षक दिनेश नाग की पत्नी पूजा नाग को पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत 1.10 करोड़ रुपए का चेक दिया गया। यह राशि माओवादी विरोधी अभियान में उनकी शहादत के बाद परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में दी गई है। आरक्षक दिनेश नाग डीआरजी बीजापुर में तैनात थे। वे 18 अगस्त 2025 को माओवादी विरोधी अभियान के दौरान माओवादियों की ओर से किए गए आईईडी विस्फोट में शहीद हो गए थे। पूजा नाग को यह चेक 29 दिसंबर आयोजित एक कार्यक्रम में सौंपा गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और पुलिसकर्मी उपस्थित थे। पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि सरकार और विभाग शहीद जवानों के परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध हैं। उपस्थित अधिकारियों ने दिनेश नाग के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।


