झालावाड़ में शहीद दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मिनी सचिवालय परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा प्रांगण में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सहित अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण किया। इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित देश की आजादी और अखंडता के लिए प्राणों का बलिदान देने वाले सभी शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रामधुनी का सस्वर पाठ किया गया और गांधीजी के प्रिय भजनों का गायन भी हुआ। इससे पूरा परिसर आध्यात्मिक और देशभक्ति के वातावरण से गूंज उठा। भजनों के माध्यम से गांधीजी के सत्य, अहिंसा और मानवता के संदेश को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा, उपखण्ड अधिकारी अभिषेक चारण, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने शहीदों के त्याग, समर्पण और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।


