करौली में शहीद दिवस और महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने श्रद्धांजलि और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान 30 जनवरी से 13 फरवरी तक चलने वाले ‘स्पर्श कुष्ठ जागरूकता पखवाड़ा’ का भी विधिवत शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य कुष्ठ रोग के प्रति फैले भेदभाव को समाप्त करना है। स्वास्थ्य भवन परिसर स्थित सीएमएचओ कार्यालय सहित जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों और कार्यालयों में महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। शहीदों को नमन करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर कुष्ठ रोग के प्रति किसी भी प्रकार का भेदभाव न करने की शपथ भी दिलाई गई। आगामी दिनों में ग्राम सभाओं में भी कुष्ठ रोग से जुड़े सामाजिक भेदभाव को मिटाने के लिए शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सीएमएचओ डॉ. जयंतीलाल मीणा ने गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग का समय पर निदान सरल है और इसका उपचार पूरी तरह संभव है। डॉ. मीणा ने जिले में कुष्ठ रोग के संभावित सभी मामलों की शीघ्र पहचान कर उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से रोग उन्मूलन का लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया। सीएमएचओ ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्तियों और उनके परिवारजनों के साथ किसी भी प्रकार का सामाजिक भेदभाव स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने समाज में फैली भ्रांतियों, कलंक और भेदभाव को समाप्त करने के लिए व्यक्तिगत और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीणा, एओ एनएचएम रमेश मीणा, एसओ हीरालाल, प्रशासनिक अधिकारी शेर सिंह मीणा और डीपीओ आशुतोष पांडे सहित कार्यालय के अन्य कार्मिक मौजूद रहे।


