भास्कर न्यूज | गरियाबंद गरियाबंद के गांधी मैदान में आयोजित सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के चतुर्थ दिवस पर दिव्य वातावरण और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। वृंदावन के वेद-पुराण शास्त्रों के विद्वान डॉ. एवं महामंडलेश्वर स्वामी इंद्रदेव सरस्वती महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि शिव श्मशान में रहते हैं, फिर भी उतने आनंद और ठाठ से रहते हैं, जितना हम अपने बंगलों में भी नहीं रह पाते। सुविधाओं के अभाव में भी शांत, संतुष्ट और आनंदित जीवन क्या होता है, यह हमें शिव से सीखना चाहिए। नगर के गांधी मैदान में देवांगन परिवार द्वारा आयोजित शिव महापुराण कथा के चौथे दिन श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ जुटी। कार्यक्रम में बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव, नगर पालिका गरियाबंद के अध्यक्ष रिखी राम यादव तथा जनपद सदस्य भीम निषाद ने शामिल होकर व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया। बैठने की व्यवस्था को और विस्तार दिया जा रहा लोकप्रिय शिव विवाह भजन पर पूरा पंडाल भक्तिमय नृत्य में डूब गया। सभी उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे और माहौल शिवमय हो गया। कथा उपरांत सभी भक्तों के लिए देवांगन परिवार की ओर से पूरी-हलवा का प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन समिति के हेमचंद देवांगन ने बताया कि बाबा भूतेश्वरनाथ की नगरी गरियाबंद का गांधी मैदान शिव भक्ति के ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बन रहा है। आगामी तीन दिनों की कथाओं के लिए पंडाल और बैठने की व्यवस्था को और अधिक विस्तृत किया जा रहा है। दूर बैठे भक्तों के लिए बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए जा रहे हैं ताकि उन्हें दूर से भी व्यासपीठ के दर्शन हो। पुलिस प्रशासन के सहयोग से पार्किंग व्यवस्था भी सुव्यवस्थित की जा रही है। उन्होंने बताया कि कथा का महाभंडारा 8 दिसंबर को आयोजित होगा, जिसके लिए भी भव्य तैयारियां की जा रही हैं।


