शाजापुर जिला मुख्यालय से लगभग 5 किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे-52 पर शुक्रवार शाम करीब 4 बजे एक सड़क हादसा हुआ। सनकोटा गांव के पास एक डंपर बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया। इस दुर्घटना में डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में डंपर चालक जगदीश गोरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए। वे सनकोट के निवासी हैं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायल चालक को डंपर से बाहर निकाला और शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चालक के बयान लेंगे घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के एसआई बाबूलाल दबी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि चालक को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है। फिलहाल उनके बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। चालक के होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों का पता चल पाएगा। बताया गया है कि डंपर पलटने के दौरान सड़क किनारे बैठे कुछ आवारा मवेशियों को भी चोटें आई हैं। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


