शाजापुर में स्वतंत्रता दिवस पर नगर पालिका ने नगर वासियों को सेल्फी पाॅइंट की सौगात दी थी, जिसका लाभ लोग उठा पाते, उसके पहले ही उसे अतिक्रमण कर्ताओं की नजर लग गई और नगर का सेल्फी पाॅइंट अब ऑटो पाॅइंट बन गया है, लेकिन जिस नगर पालिका ने यह पाॅइंट बनाया था, उसके अधिकारी भी इसकी ओर ध्यान नहीं दे रहे। हाल ही में नगर पालिका ने शहरी हाईवे और नगर के अंदरूनी मार्गों से अतिक्रमण हटाया था, लेकिन उसकी नजर यहां नहीं पड़ी, जबकि स्वतंत्रता दिवस पर नगर पालिका के अधिकारियों ने बड़े धूमधाम से इसका उद्घाटन किया था, ताकि शहरवासी अपने शहर की खूबसूरती पर गर्व महसूस कर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसे शेयर कर सकें। विडंबना तो यह है कि यहां कई बार नगर पालिका के अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन उनकी नजर नहीं पड़ती। यही नहीं, सेल्फी पॉइंट के आसपास कई लोग अपनी दुकानें भी जमाने लगे हैं। मामले में नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन ने बताया कि सेल्फी पॉइंट नगर की खूबसूरती के लिए बनाया गया है। इसके आसपास यदि ऑटो खड़े किए जा रहे हैं तो यह गलत है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।


