शाजापुर के पंडित बालकृष्ण शर्मा नवीन प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज में शनिवार को नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए शिविर लगाया गया। इसका मुख्य मकसद उन युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करना है, जो 1 जनवरी 2026 को मतदान के पात्र हो रहे हैं। कॉलेज के सहायक प्राध्यापक सुनील आडवाणी ने बताया कि निर्वाचन विभाग के निर्देश पर पात्र छात्र-छात्राओं की पहचान की जा रही है। अब तक ऐसे 45 युवाओं की लिस्ट तैयार कर ली गई है, जिनके नाम वोटर लिस्ट में जोड़े जाने हैं। उन्होंने बताया कि छात्रों को मतदान के प्रति जागरूक और प्रेरित किया जा रहा है और यह अभियान सोमवार को भी जारी रहेगा। बीएलओ के साथ मिलकर भरेंगे फॉर्म कॉलेज प्रबंधन अब बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और सुपरवाइजर के साथ मिलकर इन छात्रों के ‘फॉर्म 6’ भरवाएगा। इस काम के लिए विधानसभा स्तर पर एक नोडल अधिकारी भी तैनात किया गया है, जो पूरी प्रक्रिया में मदद करेंगे। कोशिश यही है कि कोई भी पात्र छात्र वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने से न छूटे। पूरे जिले में चलाया जा रहा अभियान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, भोपाल के निर्देश पर जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में इस तरह के शिविर लगाए जा रहे हैं। प्रशासन का जोर उन युवाओं पर है जो 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, ताकि आने वाले समय में वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।


