शाजापुर के पंडित बालकृष्ण शर्मा नवीन महाविद्यालय में मंगलवार दोपहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने छात्रों की समस्याओं को लेकर मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। यह प्रदर्शन लगभग एक घंटे तक चला। ABVP ने एक सप्ताह पहले ही महाविद्यालय प्राचार्य को छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा था। समस्याओं का समाधान न होने पर कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। एक घंटे चले इस विरोध प्रदर्शन के बाद प्राचार्य के आश्वासन पर ताला खोला गया। प्राचार्य ने कक्षा में बैठकर सभी छात्रों की समस्याओं को सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। छात्रों द्वारा उठाई गई प्रमुख समस्याओं में महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर लगा टूटा हुआ नाम, अस्थाई लाइब्रेरी में किताबों और बैठने की व्यवस्था का अभाव, और महाविद्यालय प्रांगण में छात्रों के लिए बैठने की कोई व्यवस्था न होना शामिल हैं। लंबे समय से लाइब्रेरी की मांग की जा रही है, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ABVP के नगर मंत्री पवन गुर्जर ने बताया कि प्रभारी प्राचार्य ने उन्हें आश्वासन दिया है कि अगले पांच दिनों के भीतर सभी समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा।


