मध्य प्रदेश पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अवर सचिव ने शाजापुर ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) के प्रभारी कार्यपालन यंत्री मुरलीधर अहिरवार को सस्पेंड कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान प्रभारी ईई मुरलीधर अहिरवार को मुख्य अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग इंदौर में अटैच किया गया है। अहिरवार जब सतना जिले की नागौद जनपद पंचायत में सहायक यंत्री थे, तब उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। इस मामले में अब चालान पेश किया गया है, जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है।


