शाजापुर पीएम कॉलेज में स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा का स्वागत:कैट और स्वदेशी जागरण मंच का जागरूकता कार्यक्रम

शाजापुर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पंडित बालकृष्ण शर्मा नवीन शासकीय महाविद्यालय में कैट और स्वदेशी जागरण मंच द्वारा निकाली जा रही स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा का स्वागत किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों ने इस यात्रा का अभिनंदन किया। रथ यात्रा के आगमन पर स्वदेशी अपनाओ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर मीनू गिडवानी ने की। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रवि पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उमेश टेलर, पतंजलि सेवा समिति के दिनेश पाटीदार और कपिल विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुए। डॉ. रवि पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि स्वदेशी केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। उन्होंने आमजन से दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग बढ़ाने का आह्वान किया। उमेश टेलर ने भारत की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए स्वदेशी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रभारी प्राचार्य प्रो. मीनू गिडवानी ने बताया कि विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार और स्वदेशी के उपयोग के कारण ही आज विदेशों द्वारा लगाए गए टैरिफ का भारत पर अधिक प्रभाव नहीं पड़ा है। कार्यक्रम का संचालन कैट अध्यक्ष एवं भाजपा मीडिया प्रभारी संजय शिवहरे ने किया। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रकाश बर्फा ने आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *