शाजापुर पुलिस ने ‘सृजन’ अभियान किया शुरू:स्कूल नहीं जाने वाले बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य

शाजापुर जिला पुलिस ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस लाइन में “सृजन (एक पहल–शक्ति से सुरक्षा की ओर)” अभियान का शुभारंभ किया। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार शुरू किया गया यह 15 दिवसीय विशेष कार्यक्रम है। इसका मुख्य उद्देश्य स्कूल नहीं जाने वाले और अशिक्षित बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें निर्भीक, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। अभियान के पहले दिन स्कूली बच्चों के साथ-साथ उन बच्चों को भी पुलिस लाइन लाया गया जो स्कूल नहीं जाते। यहां बच्चों को प्रारंभिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें शारीरिक सशक्तिकरण, अनुशासन, आत्मविश्वास और नागरिक कर्तव्यों से संबंधित जानकारी शामिल थी। शाजापुर के एडिशनल एसपी घनश्याम मालवीय ने बताया कि यह अभियान पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को स्कूल तक पहुंचाना, उन्हें भयमुक्त वातावरण प्रदान करना और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखना है। उन्होंने कहा कि 15 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में बच्चों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ एक अच्छा और निर्भीक नागरिक बनने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। एडिशनल एसपी ने यह भी बताया कि प्रत्येक बच्चे से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया गया है। बच्चों की इच्छाएं पुलिस, डॉक्टर या कलेक्टर बनने की हैं। सभी बच्चों की करियर काउंसलिंग की जाएगी और उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी देकर आगे का मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बन सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *