मध्यप्रदेशभर में चायनीज मांझे पर पूरी तरह प्रतिबंध है। बावजूद शाजापुर में यह चोरी-छिपे बेचा जा रहा है। यहां गलियों, मोहल्लों और कॉलोनियों में इसकी बिक्री जारी है। कार्रवाई के अभाव में दुकानदार अब केवल परिचितों और बच्चों को ही इसे उपलब्ध करवा रहे हैं, जबकि अनजान लोगों को मना कर दिया जाता है। दैनिक भास्कर की पड़ताल में सामने आया कि 500 से 1000 रुपए तक का चायनीज मांझा आसानी से मिल रहा है। इससे स्पष्ट है कि प्रतिबंध केवल कागजों तक सीमित है। जमीनी स्तर पर असर नहीं दिख रहा। चायनीज मांझे से बच्चे उड़ा रहे पतंग गुरुवार शाम 4 से 5 बजे के बीच भास्कर टीम ने महुपुरा, शरद नगर और ट्रेंचिन ग्राउंड के आसपास खाली प्लॉटों पर चायना मांझे से उड़ती पतंगें देखीं। बच्चों से पूछने पर उन्होंने कुछ दुकानों के नाम भी बताए। ज्योति नगर में एक बच्चे ने स्वीकार किया कि उसने दुकान से चायना मांझा खरीदा है, लेकिन यह भी बताया कि दुकानदार अनजान लोगों को नहीं, बल्कि केवल परिचितों को ही इसे देता है। चायना मांझे की खतरनाक स्थिति तब सामने आई, जब एक कटी पतंग मांझे समेत महुपुरा स्थित सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन शासकीय स्कूल परिसर में जा गिरी। बच्चों ने पतंग लूट ली, जिस पर शिक्षिका रेखा भटनागर ने तुरंत चायना मांझा जब्त कर लिया। उन्होंने बच्चों को समझाइश देकर इसका उपयोग नहीं करने की सलाह दी। बाइक के पहिए में फंस गया था मांझा स्थानीय निवासी रितेश सिरोलिया ने बताया कि जब वह बाइक से काम पर जा रहे थे, तो सड़क पर चायनीज मांझा बाइक के पिछले पहिए में फंस गया। पता चलते ही बाइक खड़ी की और मांझा हटाने की कोशिश की, लेकिन वह मजबूत होने के कारण टूटा नहीं। एक पतंग व्यापारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ज्योति नगर और आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में घरों से चायना डोर बेची जा रही है। फोन पर ऑर्डर लेकर घर तक आपूर्ति की जा रही है। बच्चों को नहीं खतरे का अंदाजा भास्कर टीम ने शहर में पतंग उड़ाते बच्चों की पड़ताल की। इस दौरान 6 से 7 बच्चों के बीच जाकर उनकी पतंगों की डोर देखी गई। जांच में सामने आया कि सभी बच्चे चायना डोर से पतंग उड़ा रहे थे। उसी घातक डोर को हाथों में लपेट भी रहे थे। बच्चों को इस डोर से होने वाले खतरे का अंदाजा नहीं था। पिछले साल चायना मांझे से कई लोग घायल हुए, किसी का गला कटा तो किसी का हाथ। बावजूद हालात नहीं बदले। पुलिस और प्रशासन चेकिंग की बात कर रही है। अफसर बोले- कार्रवाई की जाएगी शाजापुर एसडीएम मनीषा वास्कले ने कहा कि चायना डोर पर प्रतिबंध है। यदि कोई इसे बेचते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सूचना मिल रही है कि चायना डोर चोरी-छिपे बेचा जा रहा है। ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी, जो दुकानों और संदिग्ध स्थानों पर जांच कर कार्रवाई करेगी। इस पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।


