शाजापुर में गौ एम्बुलेंस के अभाव में गोवंश की मौत:ठंड से बीमार-घायल पशुओं को नहीं मिल रहा समय पर उपचार

शाजापुर शहर में गौ एम्बुलेंस की सुविधा न होने के कारण ठंड के मौसम में बीमार और घायल गोवंश की स्थिति गंभीर बनी हुई है। समय पर उपचार और सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच पाने के कारण कई गोवंश की मृत्यु हो रही है, जिससे शहरवासियों और गौसेवी संगठनों में रोष है। इसी क्रम में शुक्रवार रात महुपुरा रपट क्षेत्र में एक गोवंश गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। आसपास के रहवासियों ने तुरंत गौरक्षा सेना को इसकी सूचना दी। गौरक्षा सेना के सदस्य मौके पर पहुंचे और गोवंश को प्राथमिक उपचार दिया। उपचार के बाद भी गोवंश चलने-उठने में असमर्थ था। रहवासियों ने उसे कांजी हाउस ले जाने की मांग की, लेकिन गौरक्षा सेना के सदस्यों ने संसाधनों की कमी का हवाला देते हुए असमर्थता व्यक्त की। गौरक्षा सेना के सदस्यों ने बताया कि पूर्व में विधायक अरुण भीमावद द्वारा नगर पालिका को गौ एम्बुलेंस के लिए राशि स्वीकृत की जा चुकी है। इस स्वीकृति को काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक गौ एम्बुलेंस की व्यवस्था नहीं हो सकी है। परिणामस्वरूप, शहर में बीमार और घायल गोवंश को समय पर उपचार व सुरक्षित परिवहन नहीं मिल पा रहा है। शहरवासियों और गौसेवी संगठनों ने प्रशासन से शीघ्र गौ एम्बुलेंस शुरू करने की मांग की है, ताकि ठंड के मौसम में गोवंश की जान बचाई जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *