शाजापुर में छात्राओं ने की हायर सेकेंडरी स्कूल की मांग:विधायक अरुण भीमावद ने कहा-पढ़ेंगी तो एसडीएम-कलेक्टर बनेंगी

शाजापुर के बिकलाखेड़ी गांव में कृषक कल्याण वर्ष कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने की मांग की। रविवार को हुए इस कार्यक्रम में शाजापुर विधायक अरुण भीमावद भी मौजूद थे। इस मौके पर विधायक ने किसान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक से गांव में ही हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने की मांग कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्राएं भाजपा विधायक अरुण भीमावद के सामने पहुंचीं। उन्होंने विधायक से गांव में ही हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने की मांग रखी। जब विधायक ने उन्हें शाजापुर के सांदीपनि स्कूल के बारे में बताया, तो छात्राओं ने कहा कि उनके घरवाले उन्हें शहर में पढ़ने के लिए नहीं भेजते। छात्राओं ने बताया कि गांव में अभी केवल दसवीं तक का स्कूल है। इसके बाद बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए शाजापुर जाना पड़ता है, लेकिन कई छात्राओं के माता-पिता उन्हें पढ़ने के लिए शहर नहीं भेजते। छात्राओं ने यह भी शिकायत की कि कई लड़कियां मजदूरी के कारण भी स्कूल नहीं जा पातीं। विधायक बोले-छात्राओं को पढ़ने से न रोकें छात्राओं की शिकायत सुनने के बाद विधायक भीमावद ने कार्यक्रम में मौजूद गांव वालों से कहा कि ऐसी संकुचित सोच से बाहर आना होगा। उन्होंने जोर दिया कि किसी को भी छात्राओं को पढ़ने भेजने से नहीं रोकना चाहिए। विधायक ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्राएं पढ़ेंगी तो दो कुलों को रोशन करेंगी और आगे चलकर एसडीएम या कलेक्टर बनेंगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वे स्वयं छात्राओं के माता-पिता के पास जाकर उनकी काउंसलिंग करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *