शाजापुर में रविवार सुबह कोहरा छाया रहा। तड़के करीब 6 बजे से ही शहर कोहरे की घनी चादर में लिपटा रहा, जिससे सुबह तक विजिबिलिटी काफी कम रही। कोहरे के कारण शहर की गलियों, मोहल्लों और कॉलोनियों में लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंड से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाते और गर्म कपड़ों में लिपटे दिखे। कोहरे के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी काफी कम हो गई। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। सुबह 10 बजे तक भी हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। अगले हफ्ते ठंड और कोहरे से राहत की उम्मीद मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र दानोदिया के अनुसार, रविवार सुबह शाजापुर का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि दोपहर तक मौसम साफ होने और धूप निकलने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री के आसपास रह सकता है। दानोदिया ने यह भी कहा कि अगले कुछ घंटों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की उम्मीद है। नए साल की शुरुआत में भी बादल और ठंड के कारण मौसम में बदलाव देखा गया था। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले हफ्ते के बाद लोगों को ठंड और कोहरे से कुछ राहत मिल सकती है।


