शाजापुर जिले के सुंदरसी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव संदीपनी सीएम राइस शासकीय भवन के सामने तलेनी रोड के पास बरामद हुआ। सूचना मिलते ही सुंदरसी थाना प्रभारी मनीष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। बेरछा एसडीओपी रवि प्रकाश ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात शव को काली थैली में बांधकर बोलेरो लोडिंग वाहन से शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया। शव को पोस्टमॉर्टम रूम में सुरक्षित रखा गया है। थाना प्रभारी मनीष सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना भेजकर और गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगालकर मृतक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। टीआई बोले- शव 5-6 दिन पुराना शव की हालत काफी खराब है। शरीर पूरी तरह काला पड़ चुका है और उससे दुर्गंध आ रही है। अनुमान है कि शव लगभग 5 से 6 दिन पुराना हो सकता है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, मामले को संदिग्ध मानकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


