शाजापुर जिले के लालघाटी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने दो बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर घायल हैं।108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया। कतवारिया की ओर जा रहे थे बाइक सवार घायल सूरज ने बताया कि वे बाइक से तीन लाेग उज्जैन से अपने गांव कतवारिया की ओर जा रहे थे। दुपाड़ा रोड पर हरणगांव जोड़ के पास शाम 6 बजे एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद कार दुपाड़ा गांव निवासी अजय पिता राजाराम की बाइक से टकरा गई। हादसे में अजय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार उज्जैन जिले के ग्राम कतवारिया निवासी सूरज और अंकित घायल हो गए। अंकित का पैर फ्रेक्चर हो गया। वहीं उनके साथ बैठी पवित्रा नामक महिला को मामूली खरोंच आई हैं और वह सुरक्षित हैं। टक्कर के बाद मची चीख-पुकार हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। सूचना मिलते ही लालघाटी पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी और सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया। गाड़ी छोड़कर भागा ड्राइवर, तलाश जारी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे ने बताया कि टक्कर मारने के बाद कार चालक घबराकर अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया है और शीशे भी टूट गए हैं। पुलिस ने कार को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।


