शाजापुर-दुपाड़ा मार्ग पर आज बुधवार को रागवेल की पुलिया के नीचे एक व्यक्ति का शव मिला है। मृतक की पहचान बामनिया खेड़ी निवासी राजेश मालवीय के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्थानीय लोगों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी थी। घटनास्थल पर मृतक के पास एक बाइक भी पड़ी मिली, जिस पर ‘सरपंच’ लिखा हुआ था। शव खून से लथपथ था और पुलिया के नीचे बड़ी संख्या में फ्रूटी के खाली पाउच भी मिले हैं। थाना पुलिस ने साइबर और फिंगरप्रिंट टीम को बुलाया सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी घनश्याम मालवीय, एसडीओपी अजय मिश्रा और लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लालघाटी थाना पुलिस ने एफएसएल, साइबर और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत पुलिया से गिरने से हुई है या उसकी हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। टीआई बोले- मामले में सभी पहलुओं से जांच जारी घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है।


