शाजापुर में दुपाड़ा रोड स्थित वनमण्डल शाजापुर में ईको अनुभूति कैंप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत बच्चों को पर्यावरण का महत्व समझाया गया और उन्हें इसके संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कैंप में मास्टर ट्रेनर पदम परमार (वनरक्षक) और परिक्षेत्र सहायक अशोकसिंह बघेल ने बच्चों को वन एवं वन्यप्राणियों के बारे में जानकारी दी। उन्हें जंगल की अनुभूति कराई गई और अंत में वन तथा वन्य प्राणियों की सुरक्षा की शपथ भी दिलवाई गई। वन मंडलाधिकारी हेमलता शाह, उप वनमण्डलाधिकारी शाजापुर एफएस निनामा और वन परिक्षेत्र अधिकारी शाजापुर पुष्पलता मौर्य ने भी बच्चों को जंगल के अनुभव कराए। शाजापुर के शासकीय स्कूलों से कुल 120 बच्चे इस कैंप में सम्मिलित हुए। उन्हें प्राकृतिक चीजों के बारे में विस्तार से बताया गया और प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जागरूक किया गया। बच्चों को पेड़ों की पत्तियों से बनी थाली में भोजन कराकर प्रदूषण रोकने का संदेश दिया गया। सोमवार को आयोजित इस अनुभूति कैंप में शासकीय उमावि विवेकानंद भरड़, उमावि सतगांव और ज्योतिनगर के विद्यार्थी शामिल हुए। विधायक अरुण भीमावद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि भाजपा नगर अध्यक्ष आशीष नागर और शैलेंद्र पायलेट विशेष अतिथि थे। अतिथियों ने बच्चों को प्रोत्साहित किया और उन्हें किट बैग, पुस्तक व कैप वितरित किए।


