शाजापुर जिले में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। रविवार सुबह से ही चल रही ठंडी हवाओं के कारण लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को शहर में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे ठिठुरन में और इजाफा हुआ। उत्तरी-पूर्वी दिशा से चल रही तेज और बर्फीली हवाओं ने वातावरण को और भी सर्द कर दिया है। रविवार सुबह से लेकर दोपहर 1:00 बजे तक आसमान पर बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे ठंडी हवाओं का असर और बढ़ गया। लोग घरों से निकलते ही स्वेटर, जैकेट, शॉल और टोपी जैसे गर्म कपड़ों में नजर आए। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने रविवार दोपहर करीब 1:00 बजे जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दोपहर में धूप होने के बावजूद हवा की तेजी और ठंडक के कारण शरीर को गर्माहट महसूस नहीं हो सकी। न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रहने के कारण सुबह और रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई। 42 प्रतिशत आर्द्रता के चलते हवा में नमी बढ़ी, जिससे सर्दी का असर और तीव्र हो गया। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं का प्रभाव अगले दो-तीन दिनों तक बना रह सकता है। इससे रात के तापमान में और गिरावट की संभावना है, जबकि दिन का तापमान लगभग स्थिर रहने की उम्मीद है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कोई संकेत नहीं हैं। मौसम फिलहाल साफ लेकिन सर्द रहने वाला है। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया के अनुसार, आज से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।


