शाजापुर में कायस्थ समाज द्वारा भगवान चित्रगुप्त की सपरिवार प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन शुक्रवार को शुरू हुआ। इस वृहद समारोह का शुभारंभ लालपुरा स्थित कायस्थ समाज धर्मशाला में भगवान श्री गणेश के पूजन के साथ किया गया। पहले दिन गणेश पूजन के बाद एक कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस कायस्थ धर्मशाला पहुंची। इसी दिन सुबह अन्नाधिवास और दिनभर अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस अवसर पर विद्वान पंडितों, समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए समाजजन उपस्थित रहे। आयोजन के दूसरे दिन, शनिवार को सुबह 11:30 बजे भगवान चित्रगुप्त, उनकी पत्नी ऐरावती और माता दक्षिणा की प्रतिमाओं की विधि-विधान से स्थापना की जाएगी। शाम 4 बजे समाज को गौरवान्वित करने वाले व्यक्तियों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह होगा, जिसके बाद शाम 7 बजे सहभोज का आयोजन किया जाएगा। समारोह के तीसरे और अंतिम दिन, रविवार 7 दिसंबर को प्राण-प्रतिष्ठा की पूर्णाहूति होगी। दोपहर में सहभोज के बाद एक शोभायात्रा निकाली जाएगी। रात्रि 8 बजे भावसार समाज धर्मशाला में सहभोज के साथ इस तीन दिवसीय समारोह का समापन होगा। समाज अध्यक्ष सोमप्रकाश श्रीवास्तव ने सभी समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की है।


