शाजापुर जिले की तीनों विधानसभाओं- शाजापुर, शुजालपुर और कालापीपल की मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण-2026 का प्रारूप मंगलवार शाम को प्रकाशित कर दिया गया। जिले में कुल 7,05,631 मतदाताओं में से 6,75,798 का सत्यापन बीएलओ द्वारा किया जा चुका है, जो कुल मतदाताओं का 95.77 प्रतिशत है। 29,833 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए पुनरीक्षण अभियान के तहत अब तक 3,658 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। वहीं, 29,833 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। हटाए गए नामों में 16,466 मतदाता स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित पाए गए, जबकि 8,285 मतदाताओं की मृत्यु दर्ज की गई। तीनों विधानसभाओं में सबसे अधिक नाम शाजापुर विधानसभा से कम हुए हैं, जहां 10,906 मतदाताओं के नाम हटाए गए। शुजालपुर विधानसभा में 10,495 और कालापीपल विधानसभा में 8,432 नाम कम हुए हैं। विधानसभा वार विवरण प्राप्त आवेदनों की जानकारी 27 अक्टूबर से 23 दिसंबर 2025 तक जिले में कुल 3,865 दावे-आपत्तियां (फॉर्म) प्राप्त हुई हैं। इनमें शाजापुर विधानसभा से 1,784, शुजालपुर से 1,041 और कालापीपल से 1,040 फॉर्म शामिल हैं। प्राप्त आवेदनों में फॉर्म-6 के 1,572, फॉर्म-7 के 485 और फॉर्म-8 के 1,808 आवेदन हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि शेष कार्य शीघ्र पूरा कर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।


