शाजापुर में मौसम बदला, कम हुआ ठंड का अहसास:न्यूनतम तापमान 16 डिग्री, लोग सर्दी-खांसी से परेशान

शाजापुर जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है। एक सप्ताह पहले जहां कड़ाके की ठंड पड़ रही थी और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, वहीं अब ठंड का असर कम हो गया है। न्यूनतम तापमान बढ़कर लगभग 16 डिग्री सेल्सियस और दिन का तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। बड़ी संख्या में लोग सर्दी-खांसी और बुखार जैसी समस्याओं के साथ जिला अस्पताल सहित निजी चिकित्सालयों में पहुंच रहे हैं। बीते कुछ दिनों से बादल छाए रहने के कारण ठंड में कमी आई थी। शुक्रवार सुबह से आसमान साफ है और तेज धूप खिलने से लोगों को हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अलग-अलग मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवाओं का रुख बदल गया है, जिसके परिणामस्वरूप रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, आगामी दो दिनों बाद बादल छंटने के साथ ही एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे रात में ठंड बढ़ेगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि चक्रवाती तूफान सेनयोर और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव क्षेत्र का अप्रत्यक्ष असर शाजापुर के मौसम पर पड़ा है। ठंड बढ़ने की आशंका को देखते हुए चिकित्सक डॉ. आलोक सक्सेना ने लोगों को खान-पान और पहनावे में सावधानी बरतने की सलाह दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *