रविवार को शाजापुर में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की नई गाइडलाइंस के विरोध में सवर्ण समाज ने जमकर प्रदर्शन किया। सवर्ण एकता मंच के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में हजारों लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के नए प्रावधानों को “काला कानून” करार देते हुए नारेबाजी की। रैली से गूंजे विरोध के स्वर विरोध प्रदर्शन की शुरुआत स्थानीय बस स्टैंड से हुई, जहाँ विभिन्न सवर्ण समाजों के लोग दोपहर से ही इकट्ठा होने लगे थे। इसके बाद रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड तक पहुँची। रैली में युवा, बुजुर्ग और प्रबुद्धजन हाथों में तख्तियां लिए यूजीसी एक्ट के विरोध में नारे लगा रहे थे। ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख मुद्दे रैली के समापन पर सवर्ण एकता मंच के पदाधिकारियों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन शाजापुर एसडीएम मनीषा वास्कले को सौंपा। ज्ञापन में यूजीसी की नई गाइडलाइंस पर तत्काल रोक लगाने और उनके पुनरीक्षण की मांग की गई। इसके साथ ही, अकादमिक स्वतंत्रता की रक्षा, झूठी शिकायतों पर दंडात्मक प्रावधान, और सवर्ण समाज से जुड़े अन्य मुद्दों पर कार्रवाई की भी मांग की गई। आंदोलन को तेज करने की चेतावनी सवर्ण एकता मंच ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगे।


