शाजापुर में सोयाबीन चोरी और उसमें पानी मिलाकर वजन बढ़ाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि मंडी से भेजी जा रही सोयाबीन की बोरियों से चोरी की गई और शेष बोरियों में पानी मिलाकर वजन बढ़ाया गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिससे मंडी व्यापारियों में आक्रोश है। मामला 4 दिसंबर का बताया जा रहा है, जो शनिवार को सामने आया। शाजापुर कृषि उपज मंडी समिति की अनुज्ञप्तिधारी फर्मों ने सोयाबीन से भरी गाड़ियां पतंजलि फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, मांगलिया भेजी थीं। इनमें सारथी इंटरप्राइजेज की गाड़ी क्रमांक MP09HG3894, अंजनीलाल ट्रेडिंग कंपनी की गाड़ी MP09HF9959 और पुष्कर ट्रेडर्स की गाड़ी MP09HG9216 शामिल थीं। सोयाबीन चोरी कर बोरियों में पानी मिलाने का आरोप आरोप है कि इन गाड़ियों के ड्राइवर अरबाज खान, सद्दाम खान और इरफान खान ने राम-श्याम ढाबा, रोजवास टोल के पास गाड़ियों को रोका। यहां उन्होंने सोयाबीन की चोरी की और बोरियों में पानी मिला दिया। इस कृत्य में ढाबा संचालक की संलिप्तता भी बताई जा रही है। व्यापारियों के अनुसार, इस घटना से प्रत्येक फर्म को नमी (मोश्चर) क्लेम के रूप में लगभग 90-90 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। घटना के बाद, मंडी व्यापारियों ने शाजापुर कृषि उपज मंडी समिति के भारसाधक अधिकारी और कोतवाली थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपियों और वाहन मालिकों पर वैधानिक कार्रवाई करने तथा हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।


