शाजापुर में 106 करोड़ के फोरलेन का भूमि पूजन:मंत्री राकेश सिंह बोले- गुणवत्ता से समझौता नहीं करें, खराब काम पर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

शाजापुर में गुरुवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने राजराजेश्वरी माता मंदिर परिसर में सनकोटा से टुकराना जोड़ तक बनने वाले फोरलेन मार्ग का भूमि पूजन किया। इस सड़क के निर्माण पर लगभग 106 करोड़ रुपए खर्च होंगे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री राकेश सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं और उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इंजीनियर लगातार इसकी निगरानी करेंगे और हर महीने दो बार चलित लैब से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। मंत्री बोले- गुणवत्ता से खिलवाड़ किया तो ब्लैकलिस्ट करेंगे मंत्री ने ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने गुणवत्ता से खिलवाड़ किया तो उसे सीधे ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे निर्माण कार्य पर नजर रखें और कोई कमी दिखने पर तुरंत अधिकारियों को सूचित करें। बिहार चुनाव पर भी की टिप्पणी अपने संबोधन में मंत्री राकेश सिंह ने बिहार की राजनीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने लालू प्रसाद यादव के पुराने नारे “समोसे में आलू और बिहार में लालू” का जिक्र करते हुए कहा कि अब “आलू और समोसा दोनों हैं, लेकिन लालू जी का कहीं पता नहीं है।” उन्होंने कहा कि अब जनता विकास कार्यों के आधार पर वोट देती है। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय सड़कों और बिजली को ढूंढना पड़ता था, जबकि आज सड़कें इतनी अच्छी हैं कि गड्ढे ढूंढने पर भी नहीं मिलते। 20 वर्षों के विकास का दावा मंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार को 20 वर्ष पूरे हो चुके हैं और इन वर्षों में प्रदेश को तेजी से विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। कार्यकर्ताओं ने बरसाए फूल कार्यक्रम में मंत्री के पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर फूलों की वर्षा की। इसी दौरान एक रोचक स्थिति तब बनी जब मंत्री ने एक कार्यकर्ता के हाथ से फूलों की थैली लेकर उसे वापस उसी कार्यकर्ता पर डाल दिया। इस दौरान मंच और परिसर में मौजूद लोगों के बीच उत्साह का माहौल देखा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *