शाढौरा 20 लाख लूट केस में एक और आरोपी गिरफ्तार:फरार लुटेरे को पनाह और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने वाला पुलिस के हत्थे चढ़ा

अशोकनगर जिले के शाढौरा क्षेत्र में हुई 20 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने सोमवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी तकनीकी साक्ष्यों और विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर की गई। गिरफ्तार व्यक्ति पर फरार आरोपियों को संरक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, गोविंद मीना पिता ओमप्रकाश मीना (37 वर्ष), निवासी बरखेड़ा, थाना चांचैड़ा, जिला गुना ने लूट के आरोपी सोनू उर्फ दशरथ मीना (जो उसका मुंहबोला साला है) को अपने घर पर ठहराया था। गोविंद ने मोबाइल हॉटस्पॉट के माध्यम से सोनू को इंटरनेट सुविधा भी उपलब्ध कराई थी। पूछताछ में गोविंद ने यह भी स्वीकार किया कि घटना के बाद इनामी फरार आरोपी सोनू उर्फ दशरथ मीना अपनी पत्नी के साथ जालपा माता मंदिर, राजगढ़ घूमने गया था। गोविंद मीना को अपराधियों को संरक्षण देने और सुविधाएं उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। 3 दिसंबर को हुई थी लूट की घटना
यह गंभीर लूट की घटना 3 दिसंबर को थाना शाढौरा अंतर्गत गुना-अशोकनगर रोड स्थित नगऊखेड़ी तिराहा और रेलवे फाटक के बीच हुई थी। फरियादी नीरज साहू (33 वर्ष), पिता भगवान सिंह साहू, निवासी नईसराय रोड, शाढौरा के साथ चार अज्ञात व्यक्तियों ने 20 लाख रुपए की लूट की थी। इस संबंध में थाना शाढौरा में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने अज्ञात आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लूटे गए माल की बरामदगी के लिए 10 हजार रुपए का नकद इनाम घोषित किया था। एसडीओपी विवेक शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। विशेष टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ समय पहले मुख्य आरोपी राजा पिता रामसिंह भदौरिया, निवासी भरसाबाबड़ी, शाढौरा और अनिकेत मीना पिता छतर सिंह मीना (25 वर्ष), निवासी ग्राम उमरिया कला, थाना कुंभराज, जिला गुना को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *