शादी का झांसा देकर रेप करने वाला आरोपी गिरफ्तार:कटनी में महिला थाना पुलिस ने की कार्रवाई, कोर्ट ने भेजा जेल

कटनी में शादी का झांसा देकर एक महिला का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, कटनी शहर की एक महिला ने 18 जनवरी को महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि गुरुनानक वार्ड निवासी पवन मोटवानी उर्फ प्रशांत ने उसे शादी का झांसा दिया और लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब महिला ने शादी के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने विवाह करने से इनकार कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिरों की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान पवन मोटवानी उर्फ प्रशांत (29 वर्ष) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय राजकुमार मोटवानी का पुत्र है और कोतवाली थाना क्षेत्र के गुरुनानक वार्ड नंबर 20, झूलेलाल मंदिर के पास का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर ने बताया, ‘पीड़िता की शिकायत मिलते ही हमने त्वरित कार्रवाई की है। महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है।’

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *