बंसत पंचमी पर शादी से ठीक पहले एक दुल्हन घर से भाग गई। घटना से नाराज बराती थाने पहुंच गए। काफी हंगामे के बाद दुल्हन के पिता ने एक युवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई। नैनवां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना बूंदी के नैनवां शहर की है, जहां एक युवक की शादी नैनवां की एक युवती से होनी थी। विवाह समारोह में दूल्हा और बारात समय पर पहुंच गए, लेकिन दुल्हन का कहीं पता नहीं था। जानकारी के अनुसार, मंडप के कार्यक्रम के बाद रात को दुल्हन पक्ष के सभी लोग सो गए थे। सुबह जब उठे तो युवती घर से गायब थी। परिवार में हड़कंप मच गया और सभी परिजन युवती की तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद भी जब दुल्हन का कोई पता नहीं चला। थाने पहुंची बारात
युवती की शादी बूंदी निवासी युवक से होनी थी। बारात टोंक में आयोजित होने वाले सामूहिक सम्मेलन में पहुंच गई। दोपहर तक दुल्हन पक्ष के लोग नहीं पहुंचे तब पता चला कि दुल्हन घर से गायब हो गई। इस पर दूल्हे के साथ बारात नैनवां थाने पर पहुंच गई। बाराती कुछ देर थाने के बाहर ही खड़े रहे। पुलिस अधिकारियों व समाज के नैनवां के प्रमुख लोगों ने बारात के लोगों को समझाया। बाद में फैसला करवा देने की बात कही। उसके बाद बाराती दूल्हे के साथ वापस बूंदी के लिए रवाना हो गए। बाद में दुल्हन के पिता ने शहर के ही एक युवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। युवती की तलाश के लिए टीम भेजी
थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा ने बताया कि युवती के गायब होने के मामले में युवती के पिता ने नैनवां के ही एक युवक के खिलाफ युवती को भगाकर ले जाने का मामला दर्ज कराया है। युवती की तलाश करने के लिए टीमें भेजी है जल्दी ही युवक युवती को पकड़ लिया जाएगा।


