शादी के 12 घंटे बाद दूल्हे की मौत:बरेली में कार ट्रक में घुसी; खबर सुनकर दुल्हन बेहोश होकर गिरी

बरेली में शादी के 12 घंटे बाद सड़क हादसे में दूल्हे की मौत हो गई। वह दोस्तों और रिश्तेदार के साथ मिठाई लेने जा रहा था। ढाबे के पास खड़े ट्रक से उनकी कार टकरा गई। कार में बैठे 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में मातम छा गया। दुल्हन बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। दूल्हे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसा इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुआ। मिठाई लेने निकला था दूल्हा, घर आया शव रिठौरा के मोहल्ला ठाकुरद्वारा में रहने वाले रामसहाय ने कुछ समय पहले ही यहां नया घर बनवाया था। इससे पहले वे मथुरापुर, फरीदपुर में रहते थे। रामसहाय अपनी पत्नी और बच्चों के साथ होशियारपुर पंजाब में काम करते हैं। उनका एक बेटा सतीश दिल्ली में कपड़े की दुकान पर काम करता था। उसकी शादी के लिए पूरा परिवार रिठौरा आया था। सतीश की शादी सकरामपुर मीरगंज की स्वाती से तय हुई थी। शुक्रवार रात करीब 11 बजे बारात वापस लौटी थी। सतीश के कुछ रिश्तेदारों और मेहमानों को रात में ही लौटना था। उनके लिए मिठाई लेने दूल्हा सतीश अपने फुफेरे भाई विजनेश (25), बहन के देवर रोहित के साथ बोलेरो से शहर जा रहे थे। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में ढाबे के सामने खड़े ट्रक में बोलेरो घुस गई। इसमें विजनेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाकी लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां दूल्हे की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल हुए रोहित ने घटना की जानकारी परिजनों को फोन से दी। घटना की जानकारी मिलते ही दुल्हन स्वाती बेहोश होकर गिर गई। जबकि सतीश की मां बार-बार बेसुध हो रही थीं। मोहल्ले की औरतें उन्हें ढांढस बंधा रही थीं। पिता रामसहाय बोले- मुझे क्या पता था ऐसा हो जाएगा। काश मेरा बेटा मिठाई न लेने गया होता। वह कितना खुश था, घर में चारो ओर हंसी सुनाई दे रही थी। अब रोने की आवाज सुनाई दे रही है। मुझे कुछ हो जाता, भगवान मेरे बेटे के बदले में मेरी जान ले लेता। घर में नई लड़की आई है, उसका क्या होगा। यह कहते-कहते रामसहाय बेसुध हो गए। रिश्तेदारों ने उन्हें संभाला। दूल्हे के रिश्तेदार कलीराम ने बताया कि दूल्हा दो भाई थे। यह सबसे बड़ा लड़का था। वह मिठाई लेने गया था। रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। _____________________________________________________ हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें- ट्रैक्टर खरीदकर लौट रहे पिता-पुत्र समेत 3 की मौत:इंजन के नीचे दबे, तड़प-तड़पकर दम तोड़ा; वाराणसी की घटना वाराणसी में शुक्रवार देर रात ट्रैक्टर खरीदने के बाद दर्शन पूजन करके लौट रहे पिता-पुत्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर गांव के बाहर मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। पिता-पुत्र समेत एक भतीजा ट्रैक्टर के इंजन में दब गए।आसपास किसी के नहीं पहुंचने के चलते तीनों ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *