धमतरी | भखारा में शादी समारोह के दौरान फोटोशूट कर रहे दो फोटोग्राफर भाइयों से मारपीट का मामला सामने आया है। एक युवक पर धारदार हथियार से हमला हुआ। उसके हाथ में गहरी चोट आई है। मामला 14 अप्रैल की रात का है। धमतरी के आमा तालाब रोड निवासी पुष्पांक साहू और उसका छोटा भाई हिमांशु साहू शादी कार्यक्रम में फोटो खींचने भखारा गए थे। रात करीब साढ़े 11 बजे रामलीला मैदान में टेवेन्द्र साहू के घर शादी समारोह चल रहा था। दोनों वहीं फोटोशूट कर रहे थे। तभी छोटू माल और उसके साथी वहां पहुंचे। अपशब्द कहा। जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की। इसी दौरान एक युवक ने लोहे के धारदार हथियार से हमला कर दिया। हिमांशु के हाथ में गहरा जख्म हो गया। बुधवार को दोनों भाई शिकायत लेकर एसपी से मिलने पहुंचे। पुष्पांक साहू की रिपोर्ट पर पुलिस ने छोटू माल और उसके साथियों के खिलाफ धारा 296, 115-2, 351-2, 3-5 के तहत केस दर्ज किया है। जांच जारी है।


