शादी से लौट रही बस पर बदमाशों ने किया हमला:लाठी डंडों से शीशे तोड़े-लड़कियों से छेड़छाड़ की; चीखें सुन पहुंचे ग्रामीणों ने मारपीट कर भगाया

सीकर में शादी समारोह से लौट रही एक बस पर बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले बस पर हमला किया और महिलाओं और युवकों के साथ मारपीट की। इस हमले में 3 महिलाएं समेत 8 लोग घायल हुए हैं। मामला गुरुवार रात करीब 11:15 बजे, नीमकाथाना कस्बे के गांव भितरली गावड़ी की है। हमले में घायलों को निजी वाहन से नीमकाथाना जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद सभी यात्रियों को कैलाश शर्मा के घर ले जाया गया। सदर थाना पुलिस ने मौके का जायजा लिया और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। खिड़की में हाथ डालकर लड़कियों के बाल खींचे
ग्राम पंचायत गांवड़ी के ग्रामीण कैलाश शर्मा ने बताया- देर रात हमें गांव की सड़क पर महिलाओं की चीख-पुकार सुनाई दी। हम कुछ ग्रामीणों के साथ भाग कर मौके पर पहुंचे। हमने देखा कि बदमाशों ने गांवड़ी के पंचायत भवन के सामने बस को गाड़ी लगाकर रोका हुआ था। वो बस के शीशे तोड़ रहे थे। बस में सवार लोगों को नीचे उतरने के लिए कह रहे थे। जब यात्रियों ने बस का दरवाजा बंद कर लिया, तो बदमाशों ने पत्थरों और लाठियों से बस के शीशे तोड़ दिए। वे खिड़कियों से महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ करने लगे। उन्होंने बाल खींचकर उन्हें नीचे उतारने की कोशिश की। कैलाश शर्मा ने बताया- हमने उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने हम पर भी हमला किया। मैंने और मेरी पत्नी ने बदमाशों से लाठियां छीन लीं। तब तक गांव के अन्य लोग भी पहुंचने लगे तो बदमाश मौके से भाग गए। लड़कियों से की थी छेड़छाड़
बस में सवार युवतियों ने कहा- हमला करने वाले लड़के शादी समारोह में मौजूद थे। वो हमें गंदी निगाह से देख रहे थे। हमें पता नहीं था कि यह लोग आगे जाकर मारपीट करेंगे। उन्होंने हमारा पीछा किया और सुनसान जगह पर आकर गाड़ी लगाकर बस रुकवा ली। गंदी-गंदी गालियां देने लगे। लड़कों ने खिड़कियों में हाथ डालकर हमें बाहर खिंचने की कोशिश कर रहे थे। सीट के नीचे छिपकर बचाई जान
महिलाओं ने बताया- जैसे ही बदमाश पत्थर बरसा रहे थे तो बच्चों को सीट के नीचे छिपा दिया। बच्चों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। एक 3 साल के मासूम बच्चे के मामूली चोट भी आई है। बस में करीब 10 बच्चें सवार थे उन बच्चों को परिजनों ने बस की सीट के नीचे छिपा दिया। रात 11 बजे शादी समारोह से रवाना हुए थे
पीड़ित भागरु (विराटनगर) से भांजी का भात भरने के लिए शाम 5 बजे भितरली गांवड़ी आये थे। बस में करीब 50 परिवार के लोग मौजूद थे। भात भरने के बाद बस में बैठकर करीब रात सवा 11 बजे भितरली गांवड़ी से रवाना हुए थे। घटना के बाद 2 घंटे तक तनाव की स्थित बनी रही। हमले में ये लोग हुए घायल
हमले में कोमल योगी (17), संतोष देवी (30), खुशबू (17), रितिक (10) बलराम (45), ड्राइवर मोनू सहित 8 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जमा हो है। सदर थाना एएसआई सुरेश जांगिड़ ने बताया- घटना की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी ली। बस में तोड़फोड़ की गई थी। आरोपियों की तलाश के लिए भितरली गांवड़ी गए, लेकिन बदमाश फरार हो गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कार्रवाई की जाएगी। बदमाशों की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *