शादी से 16 दिन पहले युवक की मौत हो गई। युवक का शव डीग जिले के कुम्हेर थाना क्षेत्र के जंगलों में पड़ा मिला, जिसकी नाक से खून बह रहा था। मामले में मौके पर पुलिस टीम पहुंची और परिजनों को सूचना दी। युवक के पिता वनय सिंह ने बताया कि मेरा बेटा मनोज सिंह (26) निवासी गांगरसोली थाना कुम्हेर 31 मार्च को उसके चाचा को सेंत गांव छोड़ने के लिए गया था। लेकिन उन्हें छोड़ने के बाद वह घर नहीं लौटा। शव के 100 मीटर दूर खड़ी थी बाइक
पिता ने बताया कि हम सभी परिजनों ने उसकी तलाश की। रिश्तेदारी में भी पूछताछ की, लेकिन उसके बारे में किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिली। इसके बाद आज कुम्हेर थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी। उन्होंने बताया कि पुलिस से सूचना मिली कि मनोज का शव कौंडेर के जंगलों में पड़ा हुआ मिला है। शव के 100 मीटर दूर उसकी बाइक खड़ी हुई थी। कौंडेर गांव के लोग जब जंगल की तरफ गए तो, उन्होंने शव को जंगल में पड़ा देखा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। पिता ने बताया कि मनोज की 18 अप्रैल को शादी होनी थी, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली थी, लेकिन हादसे में सारे अरमानों पर पानी फेर दिया और अब शादी के घर में मातम छाया हुआ है। बता दें कि गांगरसोली से कौंडेर जंगल करीब 9 किलोमीटर की दूरी पर है। थानाधिकारी बोले- ग्रामीणों ने दी थी सूचना
कुम्हेर थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया- ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि कौंडेर गांव के जंगल में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर जांच की। शव मनोज सिंह का है। शव को कुम्हेर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है, जिसका सुबह पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इनपुट- राहुल फौजदार, कुम्हेर, डीग


