जयपुर ट्रैफिक पुलिस द्वारा रविवार को राजापार्क बाजार में सुगम यातायात के लिए पंचवटी सर्किल तक शुरू की गई वन-वे व्यवस्था पहले दिन व्यापारियों व लोगों को रास आई। वन-वे लागू होने के बाद यातायात व्यवस्थित रूप से निर्बाध चलता रहा। रविवार के दिन शाम के समय अक्सर जाम रहने वाले राजापार्क में जब लोग अपने वाहनों से बिना फंसे निकले तो वहां मौजूद एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक साउथ रानू शर्मा और उनकी टीम को धन्यवाद दिया। रविवार से राजापार्क में शाम 4 से रात 10 बजे तक प्रायोगिक तौर पर वन-वे लागू किया है। यह प्रयोग सफल रहा तो इसे लागू कर दिया जाएगा। कुछ लोगों ने वन-वे का विरोध किया, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की समझाइस के बाद उन्होंने पालना की। विधायक प्रत्याशी रहे रवि नैय्यर ने वन-वे व्यवस्था लागू होने के बाद राजापार्क का भ्रमण किया, उन्होंने ने भी यातायात व्यवस्था के साथ पार्किंग व्यवस्था की सराहना की। कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ ने बताया कि शहर में अत्यधिक यातायात दबाव वाले मुख्य मार्गों, बाजारों की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापार संघ के प्रतिनिधियों से बैठक कर यातायात प्लान बनाए जा रहे हैं।


