भास्कर न्यूज | सांकरा गांधी बाल उद्यान स्थित यात्री प्रतीक्षालय में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने तेजी से प्रतीक्षालय के ऊपरी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे प्रतीक्षालय को नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के समय प्रतीक्षालय में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा स्थिति और भयावह हो सकती थी। समय रहते आग पर काबू पा लेने से उसके आसपास फैलने का खतरा भी टल गया। फिलहाल, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से सार्वजनिक स्थलों पर बिजली व्यवस्थाओं की नियमित जांच की मांग की है।


