शासकीय मंदिरों के पुजारियों के लिए कार्यशाला आयोजित:विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर जानकारी दी, सीधा संवाद किया गया

धार्मिक न्यास एवं धर्मस्य विभाग ने कालिदास संस्कृत अकादमी के सहयोग से रविवार को संभाग स्तरीय पुजारी उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया। इस एक दिवसीय कार्यशाला में संभाग के सात जिलों से ढाई सौ से अधिक शासकीय मंदिरों के पुजारी शामिल हुए। तीन सत्रों में विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर जानकारी दी और पुजारियों से सीधा संवाद किया गया। कालिदास संस्कृत अकादमी के पं. सूर्यनारायण व्यास सांस्कृतिक संकुल में आयोजित इस कार्यशाला का शुभारंभ संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्य विभाग के मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने किया। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेश नाथ महाराज, पूर्व कुलपति प्रो. मिथिला प्रसाद त्रिपाठी, धर्म सभा विद्वत संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष वेद मूर्ति पं. धनंजय शास्त्री, विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप कुमार शर्मा और अकादमी निदेशक डॉ. गोविंद दत्तात्रेय गंधे भी उपस्थित थे। शुभारंभ अवसर पर संबोधित करते हुए मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि समाज में गुरु और पुजारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर दिया कि जब समाज को दिशा दिखाने या सनातन धर्म की बात आती है, तो पुजारियों की विचारधारा निर्णायक होती है। जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने अपने संबोधन में कहा कि देवालयों के केंद्र बिंदु मंदिर और पुजारी होते हैं। उन्होंने शास्त्रों का उल्लेख करते हुए कहा, “आचार्यो देवो भवों,” जिसका अर्थ है कि हमने आचार्यों को गुरु और देवता माना है। उन्होंने यह भी कहा कि संतों और पुजारियों से समाज को सही दिशा मिलती है। कार्यशाला को तीन सत्रों में विभाजित किया गया था। प्रथम सत्र में ‘देवालयों का सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व’ पर चर्चा हुई। दूसरे सत्र में ‘देवालयों में विधि विधान एवं धार्मिक कर्मकांड’ पर विशेषज्ञों ने वक्तव्य दिया, जबकि तीसरे सत्र में ‘देव स्थान का प्रशासन एवं प्रबंधन’ से संबंधित विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्य विभाग के अधिकारियों ने संभागभर से आए पुजारियों से सीधा संवाद किया और उनके प्रश्नों व सुझावों पर चर्चा की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *