शाहपुर कोल माइंस केबल चोरी का खुलासा, 3 गिरफ्तार:पुलिस ने 90 हजार का तांबे का केबल बरामद किया

शहडोल जिले की शाहपुर बेस्ट कोल माइंस में हुई तांबे के केबल चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी किया गया केबल बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, शाहपुर बेस्ट कोल माइंस के एचआर उत्कर्ष नामदेव ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 13 जनवरी 2026 की रात लगभग 1 बजे से सुबह 5 बजे के बीच माइंस कैंपस की बाउंड्री वॉल के पास से करीब 500 मीटर लंबा 5 कोर का तांबे का केबल चोरी हो गया था। चोरी हुए केबल की अनुमानित कीमत 90 हजार रुपए आंकी गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर स्टोर प्रभारी नीरज दुबे और अन्य कर्मचारियों ने केबल की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इनको किया गिरफ्तार जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र का सहारा लिया। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने 19 जनवरी 2026 को मुस्तफा खान (21), सूरज कोल (21) और मोहम्मद इकरार खान (26) को गिरफ्तार किया। ये सभी खैरहा थाना, जिला शहडोल के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया तांबे का केबल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *